उज्जैनः सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की परीक्षा में विवादित प्रश्न पूछने वाला पेपर सेटर ब्लैकलिस्ट
उज्जैन, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की सोमवार को संपन्न बीकॉम, बीबीए और बीसीए तृतीय वर्ष की फाउंडेशन परीक्षा में पूछे गए एक विवादित प्रश्न पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। विवादित प्रश्न पूछने वाले पेपर सेटर को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने बुधवार को बताया कि इस मामले में गठित परीक्षा समिति की जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पेपरसेटर के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से दंडात्मक कार्यवाही निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा समिति ने प्रश्नपत्र (कोड- के-1041 एबी) के भाषा एवं संस्कृति खंड का सूक्ष्मता से परीक्षण किया। समिति ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि, विवादित प्रश्न आधिकारिक पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं था। यह प्रश्न पूरी तरह से पेपरसेटर द्वारा अपने स्तर पर जोड़ा गया था, जो नियमों का उल्लंघन है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि,परीक्षा समिति की अनुशंसा को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय ने जो निर्णय लिए हैं, उसके अंतर्गत संबंधित पेपरसेटर को भविष्य के लिए विश्वविद्यालय के सभी कार्यों से प्रतिबंधित करने हेतु शोकाज नोटिस जारी करके ब्लैकलिस्ट करने की कार्यवाही की जा रही है। कुलसचिव डॉ. शर्मा ने बताया कि पेपरसेटर द्वारा स्वविवेक से आपत्तिजनक प्रश्न को शामिल करने के कृत्य को गंभीर कदाचरण मानते हुए, यह कठोर कार्यवाही की जा रही है।
छात्रों के हित में मूल्यांकन प्रक्रिया में बदलावछात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि विवादित प्रश्न को मूल्यांकन प्रक्रिया से हटा दिया गया है। अब विद्यार्थियों का कुल मूल्यांकन, उक्त प्रश्न के एवज में 1 अंक अतिरिक्त जोडक़र शेष प्रश्नों के आधार पर किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों के परिणामों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
कुलसचिव डॉ. शर्मा ने बताया कि,विश्वविद्यालय शैक्षणिक गरिमा और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। पाठ्यक्रम से बाहर जाकर और सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा देने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में पेपरसेटर को ब्लैकलिस्ट करने हेतु कड़ी कार्यवाही की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

