अनूपपुर: सफाईकर्मी लौटेकाम पर हड़ताल खत्म, सड़कों पर लगी झाड़ू उठा कचरा

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: सफाईकर्मी लौटेकाम पर हड़ताल खत्म, सड़कों पर लगी झाड़ू उठा कचरा


अनूपपुर: सफाईकर्मी लौटेकाम पर हड़ताल खत्म, सड़कों पर लगी झाड़ू उठा कचरा


अनूपपुरमध्य प्रदेश, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय की नगर पालिका में पिछले तीन दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल रविवार की शाम समाप्त हो गई। वेतन और एरियर की मांगों को लेकर हुई यह हड़ताल खत्म होने के बाद सोमवार को कर्मचारी काम पर लौटे। हालांकि, शहर में कचरे के ढेर अभी भी लगे हुए हैं।

सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने घरों से कचरा एकत्र किया और सड़कों पर झाड़ू भी लगाई। लेकिन सड़क किनारे जमा कचरे के बड़े ढेरों को उठाया नहीं जा सका। इसके परिणामस्वरूप, सड़क किनारे कई स्थानों पर चार दिन पुराने कचरे के ढेर अभी भी मौजूद हैं। कुछ जगहों पर लोगों ने कचरा नहीं उठने और दुर्गंध से परेशान होकर इन ढेरों को आग लगा दी, जिससे अब केवल राख के अवशेष बचे हैं।

नगर की सफाई व्यवस्था की अव्यवस्था को देखते हुए रविवार को नगर पालिका अनूपपुर समिति की बैठक हुई। बैठक में सदस्यों और अधिकारियों ने नवरात्र के दौरान सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को अनावश्यक बताया। साथ ही, उनकी वेतन भुगतान की मांगों को स्वीकार करते हुए शेष मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सीएमओ अनूपपुर प्रदीप झरिया ने बताया कि कुछ कर्मचारियों के वेतन का भुगतान कर दिया गया है, जबकि कुछ का शेष है। एरियर के भुगतान में थोड़ा समय लगेगा। इन आश्वासनों के बाद सफाई कर्मचारी काम पर लौटने को सहमत हुए।

गर पालिका अनूपपुर अध्यक्ष अंजुलिका शैलेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार शाम को कुछ सफाई कर्मचारियों ने सड़कों पर झाड़ू लगाई थी। सोमवार को नगर के घरों से कचरा उठाने के लिए संग्रहण वाहन पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुबह एक सफाई कर्मचारी के परिवार में गमी होने के कारण शहर के कचरे का पूरा उठाव नहीं हो सका। मंगलवार को शहर के सभी मार्गों की सफाई के साथ कचरा संग्रहण का काम पूरा कराया जाएगा। कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बावजूद शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे पूरी सफाई व्यवस्था बहाल होने में अभी और समय लगेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story