अनूपपुर: कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण की प्राथमिकता - नवागत एसपी
अनूपपुर, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने मंगलवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने इस दाैरान जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण की प्राथमिकता की बात कहीं।
सीआईडी, ईओडब्लू सहित कई स्थानों में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) का कार्य बखूबी निभा चुके विक्रांत मुराब ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच कर अपना पदभार ग्रहण किया। इस दौरान अति. पुलिस अधीक्षक अनूपपुर जगनाथ मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पुष्पराजगढ़ नवीन तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोतमा आरती शाक्य, डीएसपी (अ) एन.एस. ठाकुर, रक्षित निरीक्षक अनूपपुर ज्योति दुबे, मुख्य लिपिक पुलिस अधीक्षक कार्यालय अनूपपुर राम सिंह उईके, यातायात प्रभारी अनूपपुर विनोद दुबे, सूबेदार पुलिस लाईन अम्बरीष साहू सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
ज्ञात हो कि नवागत पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब इसके पूर्व विदिशा, ग्वालियर, पिछोर एवं शिवपुरी में एसडीओपी रह कर अपने कार्य का लोहा मनवाया हैं। यह डीएसपी यातायात ग्वालियर में यातायात को व्यवस्थित किया है। ईओडब्लू और सीआईडी भोपाल में रह कर सेवायें दी हैं। नवागत पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु प्राथमिकता से कार्य करने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

