अनूपपुर: अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर अमरकंटक में हुई स्वच्छता रैली, विचार गोष्ठी, श्रमदान और पौधरोपण भी हुआ

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर अमरकंटक में हुई स्वच्छता रैली, विचार गोष्ठी, श्रमदान और पौधरोपण भी हुआ


अनूपपुर, 22 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में 22-26 मई तक अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस में वन परिक्षेत्र अमरकंटक में शुक्रवार को जनजागरूकता, स्वच्छता संदेश रैली, विचार गोष्ठी, माँ नर्मदा तट पर श्रमदान स्वच्छता अभियान एवं पौधरोपण कार्यक्रम वनमंडलाधिकारी अनूपपुर एवं उप वनमंडलाधिकारी राजेंद्रग्राम के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान सभी ने जैव विविधता संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन हेतु सामूहिक संकल्प लिया।

वन विद्यालय सभागार में विचार गोष्ठी में डॉ. रविन्द्र शुक्ला, एसोसिएट प्रोफेसर, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक, विशिष्ट अतिथि के रूप में ओ.जी. गोस्वामी (सेवानिवृत्त उप वन संरक्षक/वन अनुविभागीय अधिकारी), अध्यक्षता महेन्द्र कुमार यादव, सहायक अनुदेशक, वन विद्यालय अमरकंटक रहें।

डॉ. रविन्द्र शुक्ला ने जैव विविधता विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ जल, जंगल एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए वृक्षों की कटाई रोकना तथा वृक्षारोपण को जनअभियान के रूप में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने जैव विविधता के प्रकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रकृति की प्रत्येक इकाई मानव जीवन के लिए उपयोगी है तथा मधुमक्खी एवं तितली जैसे जीव पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ओ.जी. गोस्वामी ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि वन्य जीवन का महत्व निरंतर बढ़ रहा है तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जीव-जंतुओं का संरक्षण मानव समाज की साझा जिम्मेदारी है।

जैव विविधता समिति के अध्यक्ष धनंजय तिवारी ने कहा कि लगातार वन क्षेत्र घटने, बढ़ते तापमान एवं पर्यावरणीय बदलाव के कारण वन्य जीव प्रभावित हो रहे हैं। मानव प्राकृतिक क्षेत्रों में अतिक्रमण कर रहा है जिससे वन्य प्राणी आबादी क्षेत्रों की ओर आने को विवश हो रहे हैं तथा संरक्षण के प्रति समाज को अधिक संवेदनशील होने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता का संदेश देते हुए जागरूकता रैली निकाली गई तथा माँ नर्मदा नदी तट पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही पौधरोपण कर जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में पत्रकार श्रवण कुमार उपाध्याय, उमाशंकर पाण्डेय, गंगाधर, प्रदीप शुक्ला, के.डी. मानिकपुरी, भूषण सिंह, जगत सिंह मरावी, गुलाब सिंह मरावी, रमेश सिंह मार्को, विनोद यादव, लालजी बघेल एवं जगजीवन सिंह (उप सरपंच, ग्राम पंचायत पोड़की) सहित वन अमला उपस्थित रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story