रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ में शैक्षणिक प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ में शैक्षणिक प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ


देवघर, 27 नवंबर (हि.स.)।

रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ, देवघर परिसर में शुक्रवार को चार दिवसीय द्विवार्षिक शैक्षणिक प्रदर्शनी-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने विधिवत रूप से किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना एवं अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार विशेष रूप से उपस्थित थेे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और चरित्र निर्माण में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। इस तरह की शैक्षणिक प्रदर्शनियां बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने, नवाचार को बढ़ावा देने और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान, तकनीक और आधुनिक कौशल के साथ नैतिक मूल्यों का समन्वय बेहद जरूरी है। रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।

उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने वरीय अधिकारी सहित अन्य अतिथियों के साथ प्रदर्शनी परिसर में लगाए गए विभिन्न शैक्षणिक मॉडलों और स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिरला औद्योगिक एवं प्रौद्योगिक संग्रहालय, कोलकाता की मोबाइल साइंस प्रदर्शनी बसों, स्टेमरोबो टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की ओर से तैयार वर्चुअल रियलिटी (वीआर) और ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया।

इसके अलावा डायनेमिक फ्लाइट लैब की ओर से आयोजित एयरोमॉडलिंग और ड्रोन कार्यशाला की गतिविधियों को भी देखा। उपायुक्त ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और तकनीकी समझ की सराहना करते हुए उनके प्रयासों का उत्साहवर्धन किया।

उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ प्रयोगात्मक शिक्षा और नई तकनीकों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। ऐसी प्रदर्शनियों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ नई चीजें सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने देवघर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की कि वे इस चार दिवसीय शैक्षणिक प्रदर्शनी में पहुंचकर बच्चों के नवाचारों और वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन करें तथा उनका उत्साह बढ़ाएं।

प्रदर्शनी के शुभारंभ के साथ ही विद्यापीठ परिसर में विज्ञान, तकनीक, नवाचार और रचनात्मक शिक्षा का माहौल देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story