मिस यूनिवर्स झारखंड प्रतियोगिता के लिए जनवरी 2026 से शुरू होगा ऑडिशन
रांची, 16 दिसंबर (हि.स.)। जिंक इवेंट्स झारखंड में मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता 2026 का आयोजन करेगा। ग्लैमानंद ग्रुप के अंतर्गत प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स झारखंड 2026 का आधिकारिक शुभारंभ मंगलवार काे किया गया। इस आयोजन की झारखंड फ्रेंचाइज़ी ज़िन्क इवेंट्स के पास है। यह जानकारी राज्य निदेशक नितीश कुमार साह ने रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष ज़िन्क इवेंट्स की ओर से दो श्रेणियों में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
राज्य निदेशक ने बताया कि मिस यूनिवर्स झारखंड 2026 में 18 वर्ष और इससे अधिक आयु की प्रतिभागी शामिल होंगी, जबकि मिस टीन झारखंड 2026 में 13 से 19 वर्ष की किशोरियां भाग लेंगी। यह प्रतियोगिता लगभग चार महीने तक चलेगी। इस दौरान झारखंड भर के स्कूल और कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवतियों को मंच मिल सके और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा सके।
नितीश कुमार साह ने बताया कि मेगा ऑडिशन और सेमी-फिनाले का आयोजन जनवरी और फरवरी 2026 में किया जाएगा, जिसमें पूरे राज्य से 400 से अधिक पंजीकरण प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले मार्च 2026 में आयोजित होगा, जिसमें कई नामचीन हस्तियां, राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता विजेता और इंडस्ट्री विशेषज्ञ शामिल होंगे।
मौके पर कार्यक्रम के मेंटर स्टेला नारायण, रुचि सेठ, प्रियांशु चौधरी, नारायणी जायसवाल सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

