बारह पहड़ा जतरा महोत्सव को लेकर रांची में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
बारह पहड़ा जतरा महोत्सव को लेकर रांची में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था


रांची, 12 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मिसिर गोंदा के जतरा टांड़ में 14 नवंबर को आयोजित होने वाले पारंपरिक बारह पहड़ा जतरा पूजा महोत्सव को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक राम मंदिर चौक से जोड़ा पुल तक ऑटो, टोटो और छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित किया जा सकता है। हालांकि, आपातकालीन सेवा के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने गुरुवार को बताया कि कांके रिंग रोड से शहर के अंदर आने वाले वाहन बोड़ेया रोड, अंतु चौक और करमटोली चौक होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं, राम मंदिर चौक, रातू चौक और मोरहाबादी मैदान से कांके रिंग रोड की ओर जाने वाले चारपहिया वाहन करमटोली चौक, अंतु चौक और बोड़ेया रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा, आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट या रोका जा सकता है।

एसपी ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन पार्क न करें, ताकि जतरा पूजा महोत्सव के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story