युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या,नौ माह पहले हुई थी प्रेम विवाह

WhatsApp Channel Join Now
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या,नौ माह पहले हुई थी प्रेम विवाह


पूर्वी सिंहभूम,05 अगस्त (हि.स.)। बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-8 में मंगलवार देर रात रोहित रविदास ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची बिरसानगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात रोहित किसी बात को लेकर विवाद के बाद घर लौटा था। परिजनों का कहना है कि वह नशे की हालत में था और मानसिक रूप से काफी परेशान दिखाई दे रहा था। घर पहुंचने के बाद उसने खाना खाया और अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। देर रात जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि रोहित ने करीब नौ महीने पहले चक्रधरपुर निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं बुधवार को शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story