विश्व सिकल सेल दिवस पर जागरूकता रथ रवाना

WhatsApp Channel Join Now
विश्व सिकल सेल दिवस पर जागरूकता रथ रवाना


देवघर, 19 जून (हि.स.)। विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल देवघर के सभागार में सिकल सेल रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ मनोज गुप्ता, सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ सुषमा वर्मा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ केके सिंह, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ संचयन ने किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने सिकल सेल रोग के कारणों, लक्षणों, जांच, बचाव और उपचार के संबंध में बताया कि सिकल सेल बीमारी एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जिसकी समय पर पहचान और उचित उपचार से रोगियों को बेहतर जीवन प्रदान किया जा सकता है। अधिकारियों ने आमजनों से सिकल सेल की नियमित जांच कराने और इसके प्रति जागरूक रहने की अपील की।

वहीं उपाधीक्षक डॉ सुषमा वर्मा ने कहा कि जन-जागरूकता इस रोग की रोकथाम और प्रभावी प्रबंधन का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ मनोज गुप्ता ने स्वास्थ्य कर्मियों से समुदाय स्तर पर अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों और शहरी सहियाओं को सिकल सेल रोग से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के बाद जिले में सिकल सेल रोग के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सिकल सेल रोग, उसकी जांच, उपचार एवं बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराएगा।

इस अवसर पर डीडीएम पोखराज, राजीव, सुधांशु पाण्डेय, राजेश रॉय सहित शहरी क्षेत्र की सहियाएं एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story