एचईसी को नहीं होने देंगे वर्क ऑर्डर की कमी : सीएमडी

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी को नहीं होने देंगे वर्क ऑर्डर की कमी : सीएमडी


रांची, 2 दिसंबर (हि.स.)। हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) केएस मूर्ति ने कहा है कि एचईसी में किसी भी स्थिति में उत्पादन रुकने नहीं दिया जाएगा और वर्क ऑर्डर की कमी नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि मशीनें लगातार चलेंगी तभी उत्पादन और बिक्री संभव है। प्राप्त राशि से कर्मचारियों का वेतन और इनपुट सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी।

सीएमडी मूर्ति ने यह बातें नई दिल्ली स्थित भेल मुख्यालय में हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (इंटक) के महामंत्री लीलाधर सिंह के साथ बैठक के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि फिलहाल केंद्र सरकार से किसी अतिरिक्त वित्तीय सहायता की संभावना नहीं है, इसलिए स्वावलंबन ही एचईसी का भविष्य है। बैठक को लेकर मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में लीलाधर सिंह ने बताया कि बैठक में कर्मचारियों की समस्याएं, संगठनात्मक चुनौतियां और एचईसी के पुनरुद्धार के उपायों पर चर्चा हुई। सिंह ने कहा कि संकट गहराने पर जिम्मेदारी प्रबंधन पर आएगी, इसलिए उत्पादन बढ़ाना जरूरी है। उनकी ओर से ठेका मजदूरों का मुद्दा उठाने पर सीएमडी ने लंबित टेंडर तत्काल जारी करने का निर्देश दिया और 73 ठेका कामगारों सहित सभी मजदूरों का जुलाई माह से लंबित वेतन जल्द दिलाने का आश्वासन दिया।

सीएमडी ने कहा कि एचईसी अपने दम पर प्रगति करेगा और सभी कर्मियों से दक्षता और प्रतिबद्धता के साथ उत्पादन बढ़ाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story