विवेकानन्द केन्द्र ने झारखंड में शुरू किया युवा भारत अभियान

WhatsApp Channel Join Now
विवेकानन्द केन्द्र ने झारखंड में शुरू किया युवा भारत अभियान


रांची,10 मई (हि.स.)। स्वामी विवेकानन्द के मानव निर्माण और राष्ट्र पुनरूत्थान के दृष्टिकोण से प्रेरित अनेक आध्यात्मिक सेवा संगठन हैं जो वर्षों से काम कर रहे हैं। रांची में भी विवेकानन्द केन्द्र है, जिसकी ओर से शनिवार को राजभवन में युवा भारत अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के लिए झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने शुभकामनाएं दी और युवा वर्ग को अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

युवा भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना और सशक्त बनाना है। कार्यशालाओं, नेतृत्व कार्यक्रमों, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामुदायिक सेवा के माध्यम से यह अभियान झारखंड के 10 हजार युवाओं में सेवा, देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करने का प्रयास करेगा।

इस अवसर पर बिहार झारखण्ड प्रान्त के संचालक शिव शंकर प्रसाद, नगर संचालक जयंत कुमार झा, विभाग संपर्क प्रमुख श्रेयांस भारद्वाज और जीवनव्रती कार्यकर्ता चिराग परमार उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि स्वामी विवेकानन्द के दृष्टिकोण से प्रेरित अनेक संगठन आज भी काम कर रहे हैं और लोगों को प्रेरणा दे रहे हैं। इन संगठनों का उद्देश्य मानव विकास और राष्ट्र निर्माण के लिए काम करना है। वास्तव में स्वामी विवेकानन्द का मानना था कि मानव निर्माण, राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने शिक्षा, आत्म-विश्वास, और सेवा भावना पर जोर दिया। उन्होंने लोगों को अपनी क्षमता पर विश्वास करने और राष्ट्र के उत्थान में योगदान करने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story