हजारीबाग की घटना को लेकर भाजपा ने उपायुक्त कार्यालय पर किया प्रदर्शन, कठोर सजा की मांग
पूर्वी सिंहभूम, 30 मार्च (हि.स.)। हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर दिया है। इस घटना के विरोध में सोमवार को जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया,जिसमें जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू केंद्र में रहीं।
डीसी कार्यालय के सामने आयोजित धरना के दौरान विधायक पूर्णिमा दास साहू बच्ची की दर्दनाक घटना को याद कर भावुक हो उठीं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उनका यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी गहरे तक प्रभावित कर गया।
भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में साकची स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू हुआ यह विरोध मार्च शहर की सड़कों से होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचा। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर 'बेटी को न्याय दो' और 'दोषियों को फांसी दो' जैसे नारे लिखे थे। पूरे रास्ते गूंजते नारों ने घटना को लेकर लोगों के गुस्से को साफ जाहिर किया।
धरना स्थल पर विधायक पूर्णिमा साहू ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं,बल्कि पूरे समाज के लिए शर्मनाक है। उन्होंने सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए पूछा कि आखिर कब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी और कब बेटियों को सुरक्षित माहौल मिलेगा।
विधायक ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए 50 लाख रुपये के मुआवजे, मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को फांसी जैसी कठोर सजा देने की मांग की। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो महिलाएं सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगी।
प्रदर्शन में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

