विक्रम ने दिल्ली में खगोल विज्ञान कार्यक्रम आयोजित कर बढ़ाया क्षेत्र का नाम

WhatsApp Channel Join Now
विक्रम ने दिल्ली में खगोल विज्ञान कार्यक्रम आयोजित कर बढ़ाया क्षेत्र का नाम


दुमका, 04 जनवरी (हि.स.)। जिले के हंसडीहा गांव के निवासी विक्रम कुमार ने दिल्ली में एक महत्वपूर्ण खगोल विज्ञान कार्यक्रम आयोजित कर अपने गांव, जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। तारों की पाठशाला एवं पी.सी. जोशी स्टडी सर्किल के संयुक्त तत्वावधान में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यशाला का शीर्षक “चाँद अब दूर नहीं” था।

शनिवार को आयोजित इस कार्यशाला में विक्रम कुमार ने टेलीस्कोप की सहायता से विद्यार्थियों को चंद्रमा एवं बृहस्पति ग्रह का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया।

इस दौरान उन्होंने खगोल विज्ञान, टेलीस्कोप की कार्यप्रणाली तथा चंद्रमा और अन्य ग्रहों से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारियाँ भी साझा की। कार्यशाला में सैकड़ों विद्यार्थियों ने पहली बार टेलीस्कोप से चंद्रमा को बेहद करीब से देखा, जिससे उनमें विज्ञान और खगोल विज्ञान के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।

देश की राजधानी दिल्ली स्थित जेएनयू में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों एवं शिक्षाविदों ने हंसडीहा हटिया रोड निवासी विजय शर्मा के छोटे पुत्र विक्रम की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story