बीस सूत्री के उपाध्यक्ष ने कारो नदी का निरीक्षण कर जलापूर्ति योजना का लिया जायजा

बीस सूत्री के उपाध्यक्ष ने कारो नदी का निरीक्षण कर जलापूर्ति योजना का लिया जायजा
WhatsApp Channel Join Now
बीस सूत्री के उपाध्यक्ष ने कारो नदी का निरीक्षण कर जलापूर्ति योजना का लिया जायजा


दो दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो कारो नदी के पास ही धरने पर बैठूंगा: जुबैर अहमद

खूंटी, 11 जून (हि.स.)। तोरपा शहरी इलाके में विगत 25 दिनों से जलापूर्ति ठप होने की सूचना पर खूंटी जिला बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष और झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद मंगलवार को तोरपा पहुंचे। उन्होंने कारो नदी जाकर इंटेक वेल तथा जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद उन्होंने जलापूर्ति ठप होने की जानकारी उपायुक्त को दी तथा समस्या का निदान कर जल्द जलापूर्ति शुरू कराने का अनुरोध किया। उन्होंने पेयजल एवं स्वछता विभाग के अधिकारियों से बात कर जलापूर्ति ठप होने के कारणों की जानकारी ली। विभाग के कनीय अभियंता रावेल होरो ने बताया कि कारो नदी का जलस्तर कम हो जाने के कारण जलापूर्ति ठप्प हो गयी है। नदी पर बांध बनाकर इस समस्या का समाधान किया जायेगा।

जुबैर अहमद ने कनीय अभियंता को बांध बनाने का काम तत्काल शुरू करने को कहा। उन्होंने कहा कि गर्मी में जलापूर्ति ठप हो जाने से लोगों को परेशानी हो रही है। कनीय अभियंता ने कहा कि बुधवार को बांध बनाने का काम शुरू किया जायेगा। जुबैर अहमद ने कहा कि दो दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो वे कारो नदी के समीप ही धरने पर बैठ जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि तोरपा में 25 दिनों से जलापूर्ति ठप है। नदी का जलस्तर नीचे चले जाने से इंटेक वेल में पानी नहीं पहुंच रहा है। जलस्तर नीचे जाने से इंटेक में लगी चैनल पाइप नदी की सतह के ऊपर आ गयी है। इंटेक वेल में पानी जमा नहीं हो पा रहा है। इसके कारण जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। जलापूर्ति ठप होने से तीन हजार लोग पेयजल से वंचित हैं।

इस मौके पर झामुमो नेता प्रदीप केशरी, सुहैल खान, मोजीर अंसारी, पम्प ऑपेरटर कृष्णा नायक आदि उपस्थित थे।/चंद्र प्रकाश

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story