बांग्लादेश में हिन्दू नवजवान की हत्या के विरोध में विहिप-बजरंग दल ने रांची में किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश में हिन्दू नवजवान की हत्या के विरोध में विहिप-बजरंग दल ने रांची में किया प्रदर्शन


रांची, 24 दिसंबर (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने रांची में बुधवार को बांग्लादेश में हिन्दू नवजवान दीपू चंद्र दास की चौराहे पर पीट-पीटकर हत्या और जलाने की घटना के विरोध में प्रदर्शन किया।

विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता जिला स्कूल मैदान परिसर में एकत्र हुए और वहां से जुलूस की शक्ल में शहीद चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने वहां बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के सलाहकार मोहम्मद युनूस का पुतला दहन कर अपने आक्रोश को व्यक्त किया।

विहिप और बजरंग दल रांची महानगर के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में हिन्दुओं के साथ हो रहे अत्याचार पूरी दुनिया के हिन्दू समाज के लिए चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर अल्पसंख्यक हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार को अब हिन्दू समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। पूरे विश्व के हिन्दू भारत पर नजर रखे हुए हैं, इसलिए हमारा दायित्व है कि हम उनके संरक्षण के लिए आगे आएं।

प्रदर्शन में विहिप और बजरंग दल के नेताओं ने सरकार से मांग की कि इस घटना का करारा जवाब दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भारत सरकार चुप्पी साधे रही, तो देश का हिन्दू समाज स्वयं घुसपैठियों को सबक सिखाने को बाध्य होगा।

मौके पर विहिप पटना क्षेत्र के मंत्री वीरेन्द्र साहू, प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, बजरंग दल प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो, प्रचार-प्रसार प्रांत प्रमुख प्रकाश रंजन, दुर्गावाहिनी प्रांत सह संयोजिका कीर्ति गौरव, धर्माचार्य प्रांत संपर्क प्रमुख युगल किशोर प्रसाद, रविशंकर राय, रांची महानगर अध्यक्ष कैलाश केशरी, महानगर मंत्री विश्वरंजन कुमार और महानगर संयोजक विक्रम साहू सहित अन्य नेता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story