दिव्या का राष्ट्रीय कबड्डी में चयन, विजयवाड़ा में करेंगी झारखंड का प्रतिनिधित्व

WhatsApp Channel Join Now

गोड्डा, 18 जनवरी (हि.स.)। जिले के ठाकुर गंगटी प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय मदन चौकी कन्या की कक्षा आठवीं की छात्रा दिव्या कुमारी का चयन अंडर-14 नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता आगामी 19 से 23 जनवरी तक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित होगी, जिसमें दिव्या झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।

सीमित संसाधनों और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली दिव्या ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन ठाकुर गंगटी प्रखंड क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। एक साधारण परिवार की बेटी का राज्य स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।

दिव्या के पिता ब्रजकिशोर महतो मजदूरी करते हैं जबकि मां अनुराधा देवी गृहिणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद परिवार ने दिव्या के सपनों को पूरा करने में पूरा सहयोग दिया। दिव्या तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उनके बड़े भाई मैट्रिक पास कर आगे की पढ़ाई कर रहे हैं तथा बड़ी बहन इसी विद्यालय में कक्षा दसवीं की छात्रा हैं।

दिव्या की सफलता में विद्यालय के खेल शिक्षक नीरज कुमार, प्रधानाध्यापिका हिना फातिमा, शिक्षक राजीव कुमार सहित पूरे विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और विभिन्न प्रतियोगिताओं को भी प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे बच्चों की प्रतिभा निखर रही है।

विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों ने दिव्या को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

Share this story