घूस लेते कैमरे में कैद हुए तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मी निलंबित, जांच के आदेश
जमशेदपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। शहर में ट्रैफिक जांच अभियान के दौरान कथित रूप से रिश्वत लेने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वायरल वीडियो के आधार पर जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने ट्रैफिक शाखा के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर ललन सिंह तथा आरक्षी प्रकाश कुमार और पंकज कुमार को सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान के समीप गुरुवार सुबह ट्रैफिक पुलिस की वाहन जांच चल रही थी। लंबे अंतराल के बाद शुरू किए गए इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट चल रहे एक बाइक सवार को रोककर पूछताछ की गई। आरोप है कि कार्रवाई का भय दिखाकर उससे अवैध रूप से रुपये की मांग की गई। बाद में पुलिसकर्मियों ने कैमरे की नजर से बचने का प्रयास करते हुए उससे रुपये भी ले लिए। हालांकि पूरी घटना किसी व्यक्ति द्वारा कैमरे में रिकॉर्ड कर ली गई। कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया,जिसके बाद मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया।
वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी डॉ.एहतेशाम वकारिब ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक डीएसपी नीरज पाठक से विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
प्रारंभिक रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
शुक्रवार को ट्रैफिक डीएसपी नीरज पाठक ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

