रामगढ़ जिले में डेवलप होगा टूरिस्ट सर्किट एरिया, डीसी ने कई स्थानों का लिया जायजा
जिले के विभिन्न ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का किया गया निरीक्षण
रामगढ़, 19 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में टूरिस्ट सर्किट एरिया डेवलप करने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल की है। डीसी ऋतुराज ने जिले के अन्य अधिकारियों के साथ रविवार को जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों का दौरा किया। उन्होंने उन सभी स्थानों को एक दूसरे के साथ जोड़ने के लिए योजना बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। निरीक्षण के दौरान डीसी ने पर्यटन स्थलों के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व, प्राकृतिक सौंदर्य, वर्तमान स्थिति, पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी ली।
धार्मिक स्थलों में सुविधाओं का हो विकास
निरीक्षण की शुरुआत दुलमी प्रखंड अंतर्गत डेली पाइला धार्मिक स्थल से की गई। वहां श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। डीसी ने मंदिर तक पहुंचने वाली सीढ़ियों के निर्माण, मंदिर के तोरण द्वार के निर्माण, लोगों के बैठने की व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास का निर्देश दिया।
किला मंदिर में हो पार्किंग सुविधा
शहर के किला मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शौचालय सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
प्राचीन शिव मंदिर कैथा के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार पर जोर
प्राचीन शिव मंदिर कैथा के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी ली गई। मंदिर के रेस्टोरेशन वर्क, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
वर्ल्ड वॉर-2 सिमेट्री का निरीक्षण
रामगढ़ स्थित वर्ल्ड वॉर-2 सिमेट्री, जिसे चाइना कब्रिस्तान के नाम से भी जाना जाता है, का भी डीसी द्वारा निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्थल की ऐतिहासिक महत्ता एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। डीसी ने कहा कि जिले के ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण एवं उनके महत्व को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने की आवश्यकता है।
गढ़बांध किला का लें पौराणिक जानकारी
रामगढ़ किला (गढ़बांध किला) के पौराणिक एवं ऐतिहासिक इतिहास की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की बात डीसी ने कही। उसके इतिहास, महत्व एवं विशेषताओं का सही दस्तावेजीकरण आवश्यक है।
गांधी घाट में बंद शुरू होगी बंद परियोजना
डीसी ने गांधी घाट (मुक्तिधाम) में बंद परियोजना शुरू करने को कहा।साथ ही आवश्यक विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित प्रतिवेदन सौंपने का जिम्मा समिति को दिया।
मुर्रामकला में ग्लास ब्रिज निर्माण को लेकर स्थल निरीक्षण
मुर्रामकला क्षेत्र में प्रस्तावित ग्लास ब्रिज के निर्माण को लेकर भी डीसी ने स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने भौगोलिक स्थिति एवं संभावनाओं का जायजा लिया। यहां नए पर्यटन आकर्षण विकसित करने के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा एवं पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने की बात कही। मौके पर प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला खेल सह पर्यटन पदाधिकारी संजीत कुमार सहित, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

