रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों का मिला शव, जांच में जुटी जीआरपी

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों का मिला शव, जांच में जुटी जीआरपी


बोकारो, 04 जून (हि.स.)। बोकारो रेलवे स्टेशन से रांची की ओर जाने वाले रेलखंड पर राधागांव और पुनदाग स्टेशन के बीच लावाटांड़ के पास गुरुवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

घटना पोल संख्या 398/16-17 के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर जीआरपी बोकारो मौके पर पहुंची और तीनों शवों को लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में घटना बीती रात करीब एक से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। घटनास्थल से शराब और पानी की बोतलें, दो मोबाइल फोन और करीब 100 मीटर की दूरी पर खड़ी ब्लैक-रेड रंग की सुपर डीलक्स बाइक (संख्या जेएच 9 ए वाई 2139) बरामद की गई है।

जीआरपी ने मृतकों में से एक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर बबलू सोरेन (19) के रूप में की है। वह गोमिया प्रखंड के टीकाहारा पंचायत अंतर्गत मड़वाडीह गांव निवासी सूरजलाल सोरेन का पुत्र था। बाद में अन्य दो अन्य मृतकों की पहचान दीपक सोरेन (20) और बाबूराम मुर्मु (20) के रूप में हुई।

दोनों युवक महुआटांड़ थाना क्षेत्र के मड़वाडीह गांव के निवासी बताया जा रहे हैं, जो बोकारो जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर स्थित है।

मृतकों के परिजनों के साथ घटनास्थल पहुंचे उपमुखिया छोटे राम मुर्मु ने बताया कि बुधवार की रात तक तीनों युवक गांव में एक साथ थे। परिजनों के अनुसार बबलू सोरेन एक युवती से मोबाइल पर बातचीत करता था।

बताया जा रहा है कि युवती के बुलाने पर वह अपने दो दोस्तों दीपक सोरेन और बाबूराम मुर्मु के साथ बोकारो आया था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है।

पुलिस को प्रथम दृष्टि में ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनास्थल से मिले सामान और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जीआरपी केे अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल जीआरपी हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं एक साथ तीन युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story