रामगढ़ में बंद हुआ भोंपू का शोर, घर-घर हाजिरी लगा रहे उम्मीदवार

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में बंद हुआ भोंपू का शोर, घर-घर हाजिरी लगा रहे उम्मीदवार


रामगढ़ में बंद हुआ भोंपू का शोर, घर-घर हाजिरी लगा रहे उम्मीदवार


रामगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में सोमवार के शाम 5:00 बजे के बाद भोंपू का शोर बंद हो गया लेकिन अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए उम्मीदवार दरवाजे-दरवाजे हाजिरी लगा रहे हैं।

कांग्रेस उम्मीदवार अंबा प्रसाद घर-घर जाकर माताओं और बहनों के गले लगा रही हैं। वह भी हाथ जोड़कर पिछले 15 वर्षों से उनके परिवार के द्वारा किए गए कार्यों को याद दिला रही है। साथ ही 5 वर्षों में उन्होंने विकास की जो लकीर खींची है, इसकी दुहाई दे रही हैं। अंबा प्रसाद ने यह भी आश्वासन दिया है कि पतरातू प्रखंड और औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित पूरा बड़कागांव इलाका अपराधियों के जिस दहशत का शिकार बन रहा है, उससे सबको मुक्ति दिलाएंगी। अपने पिता, मां और खुद के द्वारा किए गए कार्यों की दुहाई देकर वह एक बार फिर अपने इस किले को ढहने से बचने का प्रयास कर रही हैं।

भाजपा के उम्मीदवार रोशन लाल चौधरी पिछले 20 सालों से इस विधानसभा सीट पर अपना वर्चस्व चाहते हैं लेकिन कभी भी उनके विपक्षी पार्टी ने उन्हें सफल होने नहीं दिया। इस बार भाजपा की टिकट पर वह अपनी नैया पार लगाना चाह रहे हैं। घर-घर जाकर वह माता बहनों के पैर छू रहे हैं और अपनी दरियादिली की बात कर रहे हैं। रोशन लाल चौधरी ने चुनाव प्रचार बंद होने के बाद एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जिसमें उन्होंने यह कहा है कि वह इस क्षेत्र की जनता के साथ पिछले 20 वर्षों से जुड़े हुए हैं। उनके सुख-दुख में साथ रहे हैं। इसलिए जनता उन्हें अपना बहुमूल्य मत देकर विकास की मुख्य धारा को आगे बढ़ाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story