खराब रिजल्ट पर शिक्षा विभाग सख्त, 64 विद्यालयों पर गिरी गाज

WhatsApp Channel Join Now
खराब रिजल्ट पर शिक्षा विभाग सख्त, 64 विद्यालयों पर गिरी गाज


12 स्कूलों के प्राचार्य व शिक्षक का वेतन रोका

रामगढ़, 25 अप्रैल (हि.स.)। जैक ने मैट्रिक का रिजल्ट जारी कर दिया। रामगढ़ जिले के विद्यालयों का परफॉर्मेंस काफी खराब रहा। जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने इस निराशाजनक रिजल्ट से मुंह मोड़ने के बजाय एक नई मिसाल पेश की। उन्होंने जैक (झारखण्ड अधिविद्य परिषद) एवं सीबीएसई माध्यमिक परीक्षा 2026 के परीक्षाफल की समीक्षा के उपरांत जिले के सरकारी एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालयों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया। डीसी ऋतुराज के निर्देशानुसार की गई समीक्षा में पाया गया कि जिले के कई विद्यालयों का परीक्षाफल संतोषजनक नहीं रहा है।

52 विद्यालयों को शो कॉज नोटिस

शत-प्रतिशत परिणाम नहीं देने वाले 52 विद्यालयों को शो कॉज नोटिस जारी किया गया है। जिले के ऐसे 52 विद्यालय जिनका परीक्षाफल 100 प्रतिशत नहीं रहा है,उन्हें 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। इन विद्यालयों का उत्तीर्णता प्रतिशत 87 प्रतिशत से 99 प्रतिशत के बीच रहा है।

बेहद खराब रहा 12 विद्यालयों का रिजल्ट

चिंतनीय प्रदर्शन वाले 12 विद्यालयों पर गाज गिरी है। समीक्षा में 12 ऐसे विद्यालयों की पहचान की गई है जिनका परीक्षाफल अत्यंत निराशाजनक और चिंतनीय श्रेणी में है। इन स्कूलों में उत्तीर्णता का स्तर 68 प्रतिशत (न्यूनतम) तक गिर गया है। इन 12 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं संबंधित टी.जी.टी. शिक्षकों का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त होने तक इनका वेतन भुगतान बंद रहेगा।

सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले पांच स्कूल

सबसे कम प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 5 विद्यालय का नाम भी जारी किया गया है। डीईओ ने बताया कि उत्क्रमित उच्च विद्यालय, लपंगा—68 प्रतिशत, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, छत्तरमांडू—71 प्रतिशत, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, डाड़ीडीह—73 प्रतिशत, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बीचा—75 प्रतिशत, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कंजगी—78 प्रतिशत रिजल्ट रहा है।

शिक्षकों की लापरवाही से शैक्षणिक गुणवत्ता पर उठा सवाल

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जहाँ जिले के कई विद्यालयों ने शत-प्रतिशत परिणाम देकर गौरव बढ़ाया है, वहीं इन विद्यालयों का पिछड़ना शैक्षणिक गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। इस संबंध में उपायुक्त को भी आवश्यक कार्यार्थ प्रतिलिपि प्रेषित कर दी गई है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story