बिरसा मुंडा बस टर्मिनल चालू करने की मांग को लेकर चैंबर ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
बिरसा मुंडा बस टर्मिनल चालू करने की मांग को लेकर चैंबर ने सौंपा ज्ञापन


रामगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। शहर के प्रमुख बस स्टैंड स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल को शीघ्र चालू कराने की मांग को लेकर मंगलवार को रामगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मंजीत साहनी के नेतृत्व में छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बना आधुनिक बस टर्मिनल लंबे समय से अधूरा और बंद पड़ा है, जिससे यात्रियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

चेंबर प्रतिनिधियों ने बताया कि टर्मिनल परिसर के अंदर बनी 14 दुकानें, चार डॉरमेट्री हॉल, दाे रेस्टोरेंट और कैंटीन अब तक संचालित नहीं हो पाई है। इसके अलावा परिसर में पेवर ब्लॉक, ड्रेनेज एवं अन्य निर्माण कार्य भी अधूरे हैं, जबकि इस बस स्टैंड से प्रतिदिन लगभग 500 बसों का आवागमन होता है, जो विभिन्न जिलों और राज्यों के लिए यात्री सेवा प्रदान करती हैं।

टर्मिनल के बंद रहने के कारण यात्रियों को शौचालय, पेयजल और प्रतीक्षालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। चैंबर सदस्यों ने कहा कि यदि टर्मिनल का संचालन शुरू हो जाता है तो इससे न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, छोटे दुकानदारों और शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। शहर के व्यापारी और नागरिक लंबे समय से इस टर्मिनल के शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इससे पूर्व छावनी क्षेत्र के विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया गया था। इसमें प्रमुख चौक-चौराहों पर खराब सोलर, मास्क लाइट की मरम्मत, रात्रि में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, शहर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुधार, बिजुलिया तालाब की सफाई, बिजुलिया तालाब रोड की मरम्मत जैसे मुद्दे शामिल थे। इस पर छावनी परिषद के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि बिजुलिया तालाब की सफाई पूरी कर ली गई है, अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष मंजीत साहनी, उपाध्यक्ष अमरेश गणक, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी उर्फ मनु, कार्यकारिणी सदस्य मुरारी लाल अग्रवाल, राहुल जैन पटनी, अभिजीत कुमार उर्फ बीजी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story