टाटानगर स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

WhatsApp Channel Join Now
टाटानगर स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज


टाटानगर स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज


जमशेदपुर,20 अप्रैल (हि.स.)। टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रविवार की देर रात एक मोबाइल चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष सिंह (23) के रूप में हुई है, जो टाटानगर के समीप कीताडीह स्थित त्रिमूर्ति चौक का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार,ओडिशा के बारीपदा निवासी भवानी शंकर सिंह रविवार रात टाटानगर रेलवे स्टेशन के टिकट घर में टिकट लेने के लिए मौजूद थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक ने उनका मोबाइल फोन चुरा लिया। मोबाइल गायब होने का अहसास होते ही उन्होंने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही आरपीएफ पोस्ट कमांडर राकेश मोहन और जीआरपी थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए स्टेशन परिसर,टिकट काउंटर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध युवक की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दीं, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई।

इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर स्टेशन परिसर में घेराबंदी की और संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ, जिसे पीड़ित को वापस कर दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story