सिर कटे शव की हुई शिनाख्त, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
सिर कटे शव की हुई शिनाख्त, जांच में जुटी पुलिस


दुमका, 3 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मलूटी पंचायत भवन के समीप सिर कटे शव की पहचान हो चुकी है। मृतक रूपलाल हांसदा (20) थाना क्षेत्र के मलूटी पंचायत के परतापुर गांव का निवासी था। शव की पहचान उसके परिजनों ने की है। मृतक के भाई ने पुलिस जानकारी देते हुए रूपलाल पिछले छह माह से पश्चिम बंगाल में एक लड़की के साथ रह रहा था। इसके बारे में भी घरवालों को कोई जानकारी नहीं है। रूपलाल लगभग दो माह पूर्व अपने गांव परतापुर आया था। लेकिन घर में उसने किसी से बातचीत भी नहीं की और फिर उसी दिन वह लौट भी गया। इसके बाद शुक्रवार को उसकी मौत की सूचना घर के लोगों को मिली।

वहीं परिजनों का कहना है कि वह यहां क्यों आया, कैसे उसकी मौत हुई है। इसके बारे में वे कुछ नहीं बता सकते हैं।

इधर, शिकारीपाड़ा थाना पुलिस हर दृष्टिकोण से मामले की जांच कर रही है।

उल्‍लेखनीय है कि जिले के मलूटी पंचायत भवन के समीप और उप स्वास्थ्य केन्द्र के पीछे लोगों ने एक पेड़ पर लटकता एक युवक का सिर देखा। उसका धड़ वहीं नीचे गिरा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

वहीं इस मामले में शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि शव पूरी तरह से खराब हो चुका है। इससे यह पता चलता है कि मौत लगभग एक माह पूर्व हुई होगी। उन्होंने बताया कि घरवालों का कहना है कि युवक गुमसुम रहता था। किसी से बात नहीं करता था। उन्‍होंने बताया कि रूपलाल ने संभवतः खुदकुशी की होगी और मौके के अधिक दिन होने के कारण शव सड़ गया और धड़ नीचे गिर गया। उन्‍होंने कहा कि घटना के कारण की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766505 Articles

Share this story