पेरवां घाघ जलप्रपात में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पेरवां घाघ जलप्रपात में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत


खूंटी, 11 अप्रैल (हि.स.)। तोरपा प्रखंड के पेरवांघाघ जलप्रपात में डूबने से शुभम प्रजापति नामक 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी। वह रांची के विद्या नगर, हरमू रांची का रहने वाला था और टिनी टॉस स्कूल विद्या नगर में सातवीं कक्षा का छात्र था। घटना शुक्रवार शाम लगभग चार बजे की है। जानकारी के अनुसार, रांची हरमू से शुभम सहित कुल छह लड़के पिकनिक मनाने पेरवांघाघ जल प्रपात आये थे। शुभम अपने दो दोस्तों के साथ नहाने के लिए नदी चला गया। उसी दौरान उसका पैर फिसल गया तथा वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख उसके साथी शिवम कुमार और मोनू गुप्ता ने उसे बचाने का प्रयास किया, पर सफल नहीं हुए। शुभम पानी के अंदर चला गया।

अभियंताओं ने दिखाई मानवता

पेरवांघाघ में सौंदर्यीकरण के काम में लगे इंजीनियर शोरगुल सुनकर घटनास्थल पहुंचे। शोरगुल सुनकर इंजीनियर मजदूरों के साथ रस्सी आदि लेकर तत्काल डूबने वाली जगह पर पहुंचे। स्थानीय मजदूरों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया और तपकारा थाना को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर तपकारा थाना की पुलिस वहां पहुंची तथा शुभम को जीप में लेकर अस्पताल के लिए निकले। रास्ते में एम्बुलेंस पहुंची। शुभम को एम्बुलेंस में लेकर रेफरल अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। देर शाम मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। उनका रो रोकर बुरा हाल था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

Share this story