टाटानगर में जीएम के विरोध की चेतावनी, नहीं आए तो कोलकाता में होगा प्रदर्शन : सरयू राय

WhatsApp Channel Join Now
टाटानगर में जीएम के विरोध की चेतावनी, नहीं आए तो कोलकाता में होगा प्रदर्शन : सरयू राय


टाटानगर में जीएम के विरोध की चेतावनी, नहीं आए तो कोलकाता में होगा प्रदर्शन : सरयू राय


टाटानगर में जीएम के विरोध की चेतावनी, नहीं आए तो कोलकाता में होगा प्रदर्शन : सरयू राय


टाटानगर में जीएम के विरोध की चेतावनी, नहीं आए तो कोलकाता में होगा प्रदर्शन : सरयू राय


पूर्वी सिंहभूम, 24 मई (हि.स.)। रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करते हुए रेल यात्री संघर्ष समिति ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ बड़ा ऐलान किया है। समिति के संरक्षक और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि यदि 27 मई को चक्रधरपुर-खड़गपुर जोन के महाप्रबंधक टाटानगर आते हैं तो उनका जोरदार विरोध किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि यदि विरोध की आशंका से जीएम टाटानगर नहीं आते हैं तो समिति के सदस्य कोलकाता पहुंचकर उनके कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

रविवार को घाटशिला रेलवे स्टेशन के सामने आयोजित रेल यात्री संघर्ष समिति के हस्ताक्षर अभियान में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए सरयू राय ने रेलवे प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम हाल ही में उनके आवास पर आए थे और ट्रेनों की लेटलतीफी दूर करने का आश्वासन दिया था,लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे अधिकारी जवाब नहीं देंगे तो समिति आरटीआई के जरिए पूरी जानकारी निकालेगी।

सरयू राय ने आरोप लगाया कि रेलवे ने मालगाड़ियों की संख्या बढ़ाकर केवल वाहवाही लूटने का काम किया है,जबकि आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि टाटानगर स्टेशन पर मुख्य प्लेटफॉर्म तक पर मालगाड़ियां खड़ी रहती हैं और घाटशिला स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर भी मालगाड़ी खड़ी देखी गई। उन्होंने कहा कि जब रेलवे के पास पर्याप्त क्षमता नहीं है तो इस तरह की व्यवस्था लागू क्यों की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अब वंदे भारत जैसी ट्रेनें भी विलंब से चलने लगी हैं, जो रेलवे की बदहाल व्यवस्था को दर्शाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने कहा कि रेलवे को हर हाल में सुधरना होगा और ट्रेनों को समय पर चलाना ही होगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन अब टाटानगर से निकलकर घाटशिला तक पहुंच चुका है और जब तक ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

इस मौके पर शिवरतन अग्रवाल, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, दीपक प्रसाद, सुशील वेशल, वीर सिंह देवलाभ, स्मारिक शुक्ला, पप्पू सिंह, प्रिंस प्रसाद, प्रतीक उपाध्याय, सागर दीप मल्ला, गुल्लू पातर, पिंकी सिंह, गुड्डी परवीन, आरती कुमारी, अमित पात्री, वोखल सरदार, कन्हैया सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, कुलविंदर सिंह पन्नू, सतीश सिंह, राजीव चौधरी, अजय कुमार, मुकेश सिंह, शैलेश कारू, एस. चंद्रशेखर, संजीव सिंह, अशोक सिंह, विनीत कुमार, विक्की बादशाह, प्रकाश कोया, दुर्गा राव, राजू सिंह, बीरू सिंह और रामदेव हेम्ब्रम समेत कई लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story