राजद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, मांगा इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now
राजद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, मांगा इस्तीफा


रांची, 26 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश राजद ने रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका।

मौके पर पार्टी नेताओं ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार और बंगाल सहित उन राज्यों में जहां जनमत राष्ट्रीय जनता दल के साथ था वहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मतदाता सूची में गड़बड़ी कर चुनाव को प्रभावित कर भाजपा को जीत दिलाई।

पार्टी नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग के अन्य दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीनों में कम से कम 14 बार ज्ञानेश कुमार के फैसलों पर लिखित आपत्ति दर्ज कराई। इसके बावजूद ज्ञानेश कुमार ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के नाम पर साजिश कर लाखों वोटरों का नाम वोटर लिस्ट से काट दिये। अकेले बिहार में लगभग 65 लाख और बंगाल में लगभग 27.16 लाख लोगों के नाम काटे गये। लगातार राजनितिक दलों की ओर से ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने के बावजूद ज्ञानेश कुमार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगा।

पार्टी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने न सिर्फ एसआईआर और ईवीएम में गडबड़ी की, बल्कि चुनावों में वोट पड़ने के बाद वोट प्रतिशत को भी बदलने की साजिश की है।

इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि हालिया विवादों और आंतरिक मतभेदों की रिपोर्टों के मद्देनजर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम दास सिंह, अनीता यादव, प्रदेश महासचिव इरफान अंसारी, मनोज पांडेय, प्रणय कुमार बबलू, प्रदेश सचिव राम कुमार यादव, मनोज अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story