मारपीट मामले का फरार आरोपित गिरफ्तार
बोकारो, 23 दिसंबर (हि.स.)। सदर अस्पताल गेट पर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित अमन यादव को पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सेक्टर-12 थाना क्षेत्र से की गई, जिसके बाद मंगलवार को आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामले को लेकर आवेदक सुरेन्द्र यादव ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया था कि 12 जुलाई 2025 को उनके साथी अभिषेक कुमार के साथ अमन यादव, सिकन्दर यादव, शुभव तिवारी, अनिकेत तिवारी, राम कुमार सहित अन्य अज्ञात लोगों ने सेक्टर-12 क्षेत्र में मारपीट की थी। इस हमले में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। आरोप है कि इसी दौरान हमलावर अस्पताल गेट तक पहुंच गए और वहां दोबारा हमला कर अभिषेक को बुरी तरह घायल कर दिया।
आवेदन के आधार पर बीएस सिटी थाना में कांड दर्ज किया गया था। घटना के बाद से मुख्य आरोपी अमन यादव फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। बीएस सिटी और सेक्टर-12 थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी अमन यादव बताया गया है। पुलिस के अनुसार अमन यादव कुख्यात किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ मारपीट, हिंसा और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

