भारी बारिश के दौरान हुआ रावण दहन, बुराई पर अच्छाई की जीत का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
भारी बारिश के दौरान हुआ रावण दहन, बुराई पर अच्छाई की जीत का दिया संदेश


दुलमी में स्थगित हुआ रावण दहन कार्यक्रम, 5 अक्टूबर को होगा कार्यक्रम

रामगढ़, 2 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में गुरुवार की शाम भारी बारिश के दौरान रावण दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ। शहर के फुटबॉल ग्राउंड और सिद्धो कान्हो मैदान में रावण दहन समिति के द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा जिले के अन्य स्थानों पर भी रावण दहन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ का पुतला दहन किया गया। इस दौरान अतिथियों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। रामगढ़ शहर के फुटबॉल ग्राउंड में सांसद मनीष जायसवाल और सिद्धो कान्हो मैदान में गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने रावण दहन किया। दोनों स्थानों पर अतिथियों ने कहा कि विजयादशमी के दिन भगवान राम ने लंका पर विजय प्राप्त किया था। इस दौरान उन्होंने काफी संघर्ष भी किया। लंबे संघर्ष के बाद मिली जीत के बाद जिस तरह पूरे समाज में हर्ष का माहौल था, आज वही माहौल हर जगह दिख रहा है। आज भी समाज में अपने अंदर के रावण को जलाकर राम को जगाने की आवश्यकता है, तभी राम राज्य स्थापित हो सकता है।

दुलमी में स्थगित हुआ रावण दहन कार्यक्रम

रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखण्ड के दुलमी बाजार टांड में श्री श्री सार्वजनिक रावन दहन समिति के तत्वावधान में विजयादशमी पर आयोजित होने वाला रावण दहन समारोह स्थगित कर दिया गया। बुधवार से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पूरा परिसर जलमग्न हो गया और रावण का पुतला भी भीग गया है। सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने गुरुवार को बाजार टांड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिकूल मौसम को देखते हुए समिति को निर्देश देते हुए कहा कि भारी बारिश कि वजह से रावण दहन को भव्य रूप से संपन्न कराना संभव नहीं हो पा रहा है। इसलिए कार्यक्रम को आगामी 05 अक्टूबर को संपन्न किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765822 Articles

Share this story