रांची नगर निगम परिषद की बैठक में 25 विकास प्रस्तावों पर चर्चा,पायलट सिटी बनाने और पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की उठी मांग
रांची, 11 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम परिषद की बैठक में शनिवार को शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं और जनसुरक्षा से जुड़े 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सीपी सिंह, महापौर रौशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार तथा नगर निगम के सभी 53 वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे। जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव रखे और शहर के समग्र विकास पर जोर दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रांची को एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है, ताकि शहर का विकास योजनाबद्ध, वैज्ञानिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप किया जा सके। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करना समय की मांग है।
संजय सेठ ने नगर निगम के सभी वार्डों में ओपन जिम स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम बनने से लोगों, विशेषकर युवाओं और बुजुर्गों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा फिट इंडिया अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा>
संजय सेठ ने कहा कि रांची की बढ़ती आबादी के साथ लूट, चोरी और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि हुई है। ऐसे में शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की आवश्यकता है। उनका कहना था कि इस व्यवस्था से अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी और विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकेगा।
बैठक में राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से राज्य का बकाया भुगतान समय पर नहीं किए जाने के कारण कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि राज्य को समय पर उसकी देय राशि उपलब्ध कराई जाए तो नगर विकास सहित विभिन्न परियोजनाओं को और गति मिल सकेगी तथा आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
महुआ माजी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बरसात के मौसम में मच्छरजनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है, लेकिन इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने निगम प्रशासन से इस दिशा में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम की जा सके।
बैठक के दौरान पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों से जुड़े विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित मुद्दे उठाए। इन प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद निगम प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और बेहतर शहरी प्रबंधन को लेकर सभी जनप्रतिनिधियों ने समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया। जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि परिषद की बैठक में उठाए गए प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई होने से रांची के विकास को नई गति मिलेगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

