वेस्ट बोकारो में कोयले के अवैध मुहानों को पुलिस ने कराया बंद : एसपी
रामगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। एसपी अजय कुमार ने कोयले के अवैध कारोबार पर एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र में अवैध मुहाने से कोयले का उत्खनन किया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर तत्काल उन्होंने एक संयुक्त टीम गठित की और अवैध मुहाने को ब्लास्टिंग कर बंद कराया। मंगलवार को एसपी अजय कुमार ने बताया कि केदला ओपन कास्ट 06 नंबर से अवैध रूप से कोयला उत्खनन की सूचना मिल रही थी।
उन्होंने कहा कि इस सूचना पर तत्काल वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र के ओपन कास्ट 06 नंबर में कंट्रोल ब्लास्टिंग किया गया। वेस्ट बोकारो ओपी पुलिस के अलावा खनन विभाग, वन विभाग, सीसीएल के अधिकारी भी इस ब्लास्टिंग में शामिल हुए। एसपी ने बताया कि हर महीने सभी थाना प्रभारी को अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया जाता रहा है। इसके अलावा वन विभाग, खनन विभाग, सीसीएल के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध मुहाने को बंद करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। झारखंड ओपन कास्ट 15 नंबर, सारुबेड़ा 09 नंबर, परेज क्षेत्र में डोजरिंग कर कई सारे अवैध मुहाने को बंद किया गया है।
इसके अलावा कुजू ओपी क्षेत्र के बनवार, महुआ टुंगरी, तोपा सभी क्षेत्रों में लगातार मुहाने को बंद किया जा रहा है। कई वाहनों को अवैध कोयला तस्करी करते पकड़ा गया है। एसपी ने सभी थाना और ओपी प्रभारी को निर्देश दिया है कि किसी भी तरह का अवैध उत्खनन या अवैध कार्य नहीं होगा। पुराने खदानों में भी अगर ग्रामीण कोयला कटिंग करते हैं तो वह कभी भी धंस सकता है। उस पर भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

