बाइक चोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, सीसीटीवी कैमरे से हुई पहचान

WhatsApp Channel Join Now
बाइक चोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, सीसीटीवी कैमरे से हुई पहचान


रामगढ़, 22 मई (हि.स.)। शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा रखी है। इस बीच शुक्रवार को पुलिस के हत्थे एक ऐसा शख्स चढ़ा जो बाइक चोरी करने में उस्ताद है। रामगढ़ थाना चौक निवासी गोलू कुमार वर्मा को जब पुलिस ने पकड़ा तो कई राज खुलकर सामने आए। गोलू कुमार वर्मा की पहचान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से की थी।

गोलू ने 13 महीने पहले रांची रोड रेलवे स्टेशन के पास खड़ी एक बाइक जेएच 01 बीजी 7612 चुराई थी। थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि गोलू कुमार वर्मा बाइक चोरी का मास्टरमाइंड है। वह कई बाइक चोरी कर चुका है। वह चोरी की बाइक का नंबर प्लेट बदल देता है और फर्जी दस्तावेज पर उसे भेज भी देता है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।

थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि कांड संख्या 107/25 में गोलू कुमार वर्मा की संलिप्तता स्पष्ट हुई है। 21 अप्रैल 2025 को रांची रोड में मंदिर के पास हो रहे यज्ञ में शामिल होने गए मनोज कुमार साहू ने अपनी बुलेट बाइक जेएच 24 बीजी 7612 स्टेशन के पास खड़ी की थी। जब वह लौटे तो उनकी बाइक गायब थी। जब पुलिस ने सीसीटीवी खंगाला तो पता चला कि जो शख्स उनका बुलेट बाइक लेकर फरार हुआ है, वह गोलू कुमार वर्मा है।

थाना प्रभारी ने बताया कि गोलू ने बाइक को चुरा कर गुड्डू नामक शख्स को बेच दिया था। उसके बाद वह बाइक शहर के पुरनी मंडप, न्यू बगीचा निवासी पुरुषोत्तम कुमार सिंह को बेची गई। वर्तमान समय में वह बुलेट पुरुषोत्तम के पास ही है। जब पुलिस ने वहां छापेमारी की तो, न तो पुरुषोत्तम मिला, न हीं बाइक मिली। पुलिस अब उसे तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story