झारखंड में बारिश नही होने से बढ़ी गर्मी , उमस से लोग परेशान

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में बारिश नही होने से बढ़ी गर्मी , उमस से लोग परेशान


रांची, 12 जून (हि.स.)। झारखंड के विभिन्न जिलों में पिछले तीन- चार दिनों से बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं।

राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान बढ़कर 34 डिग्री और उमस अधिकतम 96 प्रतिशत दर्ज किया गया।

हालांकि मौसम विभाग ने 14 जून से राज्य के अधिकांश जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।

इससे तापमान और उमस में कमी आने की आशंका है। फिलहाल दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून मुंबई, अहिल्यानागर, आदिलाबाद और ओडिशा के पुरी में सक्रिय है। इसके झारखंड में 15 जून के बाद ही पहुंचने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में 18.4 मिमी रिकॉर्ड किया गया। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डालटेनगंज 41.4 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री लातेहार में दर्ज किया गया।

गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 34 डिग्री, जमशेदपुर में 35.8, डालटेनगंज में 40.1, बोकारो में 36.5 और चाईबासा में तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story