विश्व स्वास्थ्य दिवस पर संगोष्ठी और रैली का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर संगोष्ठी और रैली का आयोजन


विश्व स्वास्थ्य दिवस पर संगोष्ठी और रैली का आयोजन


रामगढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में मंगलवार को एक विशेष संगोष्ठी और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएस डॉ अनिल कुमार ने की। मौके पर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हम सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी मानव स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं, लेकिन दूसरों की सेवा के साथ-साथ हमें अपने स्वयं के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अति आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से सहिया दीदियों से अपील की कि वे क्षेत्र में पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करें और समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच भी कराते रहें। इस दौरान संगोष्ठी के माध्यम से समुदाय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

मौके पर एसीएमओ डॉ नवल कुमार ने जीवन में प्रसन्नता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वास्थ्य ही असली धन है। उन्होंने संदेश दिया कि खुश रहो, स्वस्थ रहो और मस्त रहो।

डीआरसीएचओ डॉ ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने स्वस्थ शरीर के लिए नियमित व्यायाम और संतुलित आहार को अनिवार्य बताया।उन्होंने सहिया, सहिया साथी और बीटीटी को एचपीवी टीकाकरण (एच पी भी वैक्सीनेशन) के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।

डीएलओ सह एनसीडी नोडल पदाधिकारी डॉ तुलिका रानी ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी जरूरी है। तनावमुक्त रहने के लिए खान-पान पर ध्यान देने के साथ-साथ अपने पसंदीदा कार्यों के लिए समय निकालना चाहिए। कार्यक्रम में डीपीएमयू यूनिट के सभी सदस्य, एसटीटी, बीटीटी, सहिया साथी और सहिया मुख्य रूप से उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story