सड़क हादसे में सिक्योरिटी गार्ड की मौत, दो युवक गंभीर
पूर्वी सिंहभूम, 12 मई (हि.स.)।एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत भिलाई पहाड़ी स्थित अवध डेंटल कॉलेज के पास मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय प्रमोद कुंडू की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार प्रमोद कुंडू उलिडीह ओपी के पास स्थित संजीविनी नेत्रालय नर्सिंग होम में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अवध डेंटल कॉलेज के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर मुखियाडांगा निवासी विशाल और मोनू सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी तथा घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रमोद कुंडू को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल और मोनू का इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही प्रमोद के घर में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

