रांची में 13 अप्रैल को निजी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक , आरटीई और फीस पर होगी चर्चा
रांची, 11 अप्रैल (हि.स.)। रांची जिला प्रशासन की ओर से नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 को लेकर निजी विद्यालयों के प्राचार्यों के साथ 13 अप्रैल 2026 को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक मोरहाबादी स्थित रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट हॉल में अपराह्न 1:00 बजे से होगी।
बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री करेंगे। इस दौरान शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 (आरटीई) के तहत कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत सीटों पर नामांकन प्रक्रिया, विद्यालयों की जिम्मेदारियों और अनुपालन पर विशेष चर्चा की जाएगी।
बैठक में जिला स्तर पर गठित शुल्क समिति के गठन, उसकी कार्यप्रणाली और निजी विद्यालयों में फीस निर्धारण व वृद्धि से जुड़े नियमों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रशासन ने हाल ही में फीस वृद्धि की अधिकतम सीमा 10 प्रतिशत तय की है और सभी स्कूलों को पारदर्शी शुल्क संरचना अपनाने के निर्देश दिए हैं।
अभिभावकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए बनाए गए ग्रिवांस रिड्रेसल सेल की कार्यप्रणाली पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी निजी विद्यालयों के प्राचार्यों से बैठक में अनिवार्य रूप से भाग लेने का निर्देश दिया है। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की गई है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

