राहुल बच्चा हत्याकांड के फरार आरोपी विक्की सिंह गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
राहुल बच्चा हत्याकांड के फरार आरोपी विक्की सिंह गिरफ्तार


जमशेदपुर,13 जुलाई (हि.स.)। मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिन्हा उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने एक और अहम सफलता हासिल की है। इस मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू (24) को पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था,लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने उसे दबोच लिया।

सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे मानगो के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के समीप राहुल सिन्हा उर्फ राहुल बच्चा पर डंडे, पत्थर और लकड़ी से हमला किया गया था। इसके बाद हमलावरों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर मानगो थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में विक्की सिंह ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इस मामले में इससे पहले साहेब सिंह उर्फ सब्बे,सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली,अफताब अली बाबा तथा अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

जांच में यह भी सामने आया है कि विक्की सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में सिदगोड़ा थाना,वर्ष 2023 में उलीडीह/मानगो थाना तथा वर्ष 2025 में मानगो थाना में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story