सरकारी जमीन पर भू-माफिया का कब्जा, सीओ ने चिन्हित किया घर

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी जमीन पर भू-माफिया का कब्जा, सीओ ने चिन्हित किया घर


सरकारी जमीन पर भू-माफिया का कब्जा, सीओ ने चिन्हित किया घर


रामगढ़, 12 मई (हि.स.)।

रामगढ़ अंचल क्षेत्र के रांची रोड मरार में लगभग 30 एकड़ सरकारी जमीन पर भू माफियाओं का कब्जा है। उन जमीनों पर लगभग 18 लोगों ने अपनी बाउंड्री और मकान बनाकर छोड़ दिया है। कई लोगों ने इस सरकारी जमीन की फर्जी जमाबंदी भी कायम करा ली है। रामगढ़ डीसी ऋतुराज के पास जब शिकायत पहुंची तो उन्होंने रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास को जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी।

रामगढ़ सीओ रमेश रविदास ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया और अंचल निरीक्षक अजय कुमार के साथ अतिक्रमित स्थल का दौरा किया। मरार मौजा के खाता नंबर 01 प्लॉट नंबर 1378 और 1388 में लगभग 30 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया है। उस स्थान पर लगभग 18 घरों को चिन्हित किया गया है। जब जांच अधिकारी उस स्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मात्र एक महिला जिसने अतिक्रमण कर अपनी चारदिवारी का निर्माण किया था, उसने उसे हटा लिया है। जबकि शेष 17 लोगों के घर सरकारी जमीन पर ही मौजूद हैं।

रामगढ़ सीईओ रमेश रविदास ने बताया कि मरार मौज में सरकारी जमीन पर बनाए गए घर,चहारदीवारी की जमाबंदी और अतिक्रमण को लेकर पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

किस व्यक्ति ने किस तरीके से वहां अतिक्रमण किया है, इसके बारे में भी उस रिपोर्ट में लिखा गया है। यह पूरी रिपोर्ट अनुमंडल पदाधिकारी को प्रस्तुत की जाएगी और उनके जरिए दिए गए निर्देशों का पालन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story