गणगिरा में बजरंग बली प्राण प्रतिष्ठा पर निकली भव्य कलश यात्रा
खूंटी, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुरहू प्रखंड के ग्राम गणगिरा में बुधवार को भगवान बजरंग बली की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाजा-गाजा, ढोल-नगाड़ा के साथ शामिल हुए। पूरे मार्ग में “जय बजरंग बली” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कलश यात्रा में गांव की महिलाएं सिर पर कलश लेकर श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुईं, वहीं युवक-युवतियों एवं बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो उपस्थित रहे और श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।
इस पावन अवसर पर गांव के छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ग्रामवासी श्रद्धा और भक्ति के साथ शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों और आयोजन समिति के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन बालगोविंद महतो ने किया। इस अवसर पर उर्मिला देवी, राजेश महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

