रांची में 19 से 96 केंद्रों पर हाेगी जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
रांची में 19 से 96 केंद्रों पर हाेगी जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा


रांची, 17 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 19 अप्रैल (रविवार) को दो पालियों में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 03 बजे से शाम 05 बजे तक चलेगी। रांची जिले में इस परीक्षा के सुचारू संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय ब्लॉक-बी के सभागार में सभी संबंधित दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया गया, जिसमें परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था, नकल रोकथाम, अभ्यर्थियों की सुविधा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।

परीक्षा का आयोजन 96 उप-केंद्रों पर प्रथम पाली और द्वितीय पाली में किया जाएगा। इन केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जिसमें पर्याप्त बैठने की क्षमता, पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सभी केंद्र अधीक्षक परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत दूर करें।

परीक्षा केंद्रों के आसपास 100-200 मीटर तक निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया जाएगा, जिसमें मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या किसी भी प्रकार की प्रतिलिपि सामग्री ले जाना सख्ती से प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के साथ फ्लाइंग स्क्वॉड, स्टैटिक ड्यूटी और वाहन चेकिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

साथ ही उपायुक्तट ने अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के लिए जागरूक करने और प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) के साथ मूल पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने का निर्देश देने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा और उनकी सुविधा का विशेष प्रबंध किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया झारखंड लोक सेवा आयोग के निर्देश के अनुसार परीक्षा पूर्ण रूप से निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, यह सुनिश्चित करना हमारा सामूहिक दायित्व है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story