झामुमो जिला संयोजक मंडली की बैठक में बूथ स्तरीय मजबूती पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
झामुमो जिला संयोजक मंडली की बैठक में बूथ स्तरीय मजबूती पर जोर


झामुमो जिला संयोजक मंडली की बैठक में बूथ स्तरीय मजबूती पर जोर


रांची, 24 मई (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय कार्यालय, रांची में रविवार को रांची जिला संयोजक मंडली और रांची महानगर संयोजक मंडली के सदस्यों की बैठक आयोजित हुई।

इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठनात्मक समीक्षा की।

झामुमो को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए कई मार्गदर्शन दिये। विनोद पांडेय ने कहा कि मोर्चा को बूथ स्तर पर मजबूत करना आवश्यक है।

जिसके लिए सभी कार्यकर्ता एकजुटता के साथ कार्य करें। आमजनों की छोटी बड़ी हर तरह की परेशानियों में सकारात्मक भूमिका निभाएं ताकि झामुमो धरातल पर और अधिक मजबूत हो सके।

उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना झामुमो की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

बैठक में पदाधिकारियों और संयोजक मंडली के सदस्यों के साथ संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान जिला और महानगर स्तर के पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपने और आम लोगों के बीच पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को पहुंचाने के निर्देश दिए गए। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने और संगठनात्मक गतिविधियों को गांव एवं वार्ड स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में रांची जिला संयोजक मंडली के प्रमुख मुस्ताक आलम, अश्विनी शर्मा, हेमलाल मेहता, बीरू तिर्की, रांची महानगर संयोजक मंडली के अंतू तिर्की, फरीद खान, अफरोज अंसारी, सुषमा बरदेवा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story