राज्यसभा चुनाव को लेकर झामुमो ने निर्वाचन आयोग को लिखा पत्र, निष्पक्ष-भयमुक्त मतदान की मांग

WhatsApp Channel Join Now
राज्यसभा चुनाव को लेकर झामुमो ने निर्वाचन आयोग को लिखा पत्र, निष्पक्ष-भयमुक्त मतदान की मांग


रांची, 25 मई (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने आगामी राज्यसभा चुनाव-2026 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर चुनाव प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखने का आग्रह किया।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने मुख्य चुनाव आयुक्त तथा झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजे गए पत्र में आशंका जताई है कि चुनाव के दौरान विधायकों को आर्थिक प्रलोभन, दबाव और भयादोहन के जरिए प्रभावित करने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव बेहद आवश्यक है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि आगामी 18 जून को झारखंड में द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव होने हैं, जिसमें इंडी गठबंधन की ओर से दो प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे। भट्टाचार्य ने कहा कि गठबंधन के पास पर्याप्त मतदाता संख्या नहीं होने के कारण कुछ राजनीतिक और बाहरी ताकतें विधायकों पर दबाव बनाकर अपने पक्ष में मतदान कराने का प्रयास कर सकती हैं।

झामुमो ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह भ्रष्टाचारमुक्त और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त, दबाव या अनैतिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

पत्र में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), राजस्व खुफिया निदेशालय, केंद्रीय सतर्कता आयोग तथा झारखंड भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को भी सक्रिय और सतर्क रखने का आग्रह किया गया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story