झारखंड के पांच जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के पांच जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट


रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 02 जुलाई को राज्य के पांच जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

राज्य के जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है उनमें लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, 05 और 06 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 84.8 मिलीमीटर वर्षा पश्चिमी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में दर्ज की गई।

अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज हुआ।

बुधवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर बाद हल्की बारिश हुई, लेकिन इसके बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से खास राहत नहीं मिली।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 36.6 डिग्री और 24.2 डिग्री, बोकारो में 34.1 डिग्री और 24.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 29.8 डिग्री और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में विशेषकर भारी बारिश और वज्रपात की आशंका वाले क्षेत्रों के लोगों को मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट और प्रशासन की सलाह का पालन करने की आवश्यकता है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story