एआई से खुलेगा अवसरों का नया युग - सीए चरणजोत सिंह
रांची, 26 अप्रैल (हि.स.)। दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई), नई दिल्ली के निवर्तमान प्रेसिडेंट और एआई इन आईसीएआई कमिटी के चेयरमैन सीए चरणजोत सिंह नंदा ने रविवार को रांची में आयोजित तीन दिवसीय सर्टिफिकेट कोर्स ऑन एआई लेवल–1 के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि तकनीक आज हमारे जीवन को अत्यंत सरल बना रही है। उन्होंने कहा कि भले ही हमें प्रत्यक्ष रूप से एआई की जानकारी हो या नहीं, लेकिन यह हर समय हमारे आसपास मौजूद है |
उन्होंने बताया कि आईसीएआई देश की उन अग्रणी संस्थाओं में से एक है जिसने समय रहते आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई ) को अपनाया है। चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सुविधा के लिए विशेष रूप से विकसित सीए जीपीटी के माध्यम से अब रिपोर्ट, अकाउंटिंग स्टैंडर्ड्स, विभिन्न फॉर्मेट्स और अन्य आवश्यक जानकारियां एक क्लिक में प्राप्त की जा सकती हैं।
सीए नंदा ने एआई को लेकर प्रचलित भ्रांतियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह धारणा गलत है कि एआई के आने से रोजगार समाप्त हो जाएंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब देश में पहली बार कंप्यूटर आए थे, तब भी इसी प्रकार की आशंकाएं व्यक्त की गई थीं, जबकि आज कंप्यूटर ने रोजगार के अवसरों में अभूतपूर्व वृद्धि की है। उसी प्रकार एआई भी भविष्य में असीम संभावनाओं के द्वार खोलेगा। इसी उद्देश्य से आईसीएआई अपने प्रत्येक सदस्य को एआई की व्यापक ट्रेनिंग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 36,000 से अधिक चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को एआई लेवल–1 की ट्रेनिंग दी जा चुकी है। साथ ही उन्होंने बताया कि आईसीएआई विश्व की सबसे बड़ी अकाउंटिंग संस्था है, जिसके सदस्य विश्व के विभिन्न देशों में शीर्ष कंपनियों और वित्तीय संस्थानों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं और देश की प्रतिष्ठा को बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में एआई के लेवल–1 एवं लेवल–2 सर्टिफिकेट कोर्स उपलब्ध हैं और निकट भविष्य में लेवल–3 कोर्स भी लॉन्च किया जाएगा।
रांची में आयोजित यह एआई लेवल–1 सर्टिफिकेट कोर्स दिनांक 17 से 19 अप्रैल 2026 तक होटल रेनड्यू में सम्पन्न हुआ, जिसमें पूरे झारखंड से लगभग 60 चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने सक्रिय भागीदारी की।
इस अवसर पर आईसीएआई रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन, सचिव सीए दिलीप कुमार, निवर्तमान अध्यक्ष सीए अभिषेक केडिया, कार्यकारिणी सदस्य सीए निशांत मोदी और सीए भुवनेश कुमार ठाकुर सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान रांची आगमन पर आईसीएआई के निवर्तमान प्रेसिडेंट सीए चरणजोत सिंह नंदा का शाखा अध्यक्ष सीए अनीश जैन ने शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

