राष्ट्रीय युवा महोत्सव में 250 युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
चतरा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिला खेल कार्यालय की ओर से शुक्रवार को डीएमएफटी भवन में जिलास्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 और विकसित भारत युवा लीडर डायलॉग का आयोजन किया गया। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 250 से अधिक युवक-युवतियों ने भाग लिया। इस वर्ष महोत्सव की थीम 'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत' रखी गई थी।
महोत्सव में चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, समूह लोकगीत एवं समूह लोकनृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चित्रकला में सूरज कुमार, नुक्कड़ नाटक में राजनंदिनी एंड ग्रुप, कविता लेखन में अंजलि कुमारी, समूह लोकगीत में माधवी गुप्ता एंड ग्रुप तथा समूह लोकनृत्य में महिला कॉलेज चतरा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विधाओं के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में चतरा का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा निखारने के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में यूथ ऑफिसर, निर्णायक मंडल के शिक्षक और जिला खेल कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

