युवा दस्ता के मंच का हुआ उद्घाटन, दुर्गा पूजा में सदस्य संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेवारी

WhatsApp Channel Join Now
युवा दस्ता के मंच का हुआ उद्घाटन, दुर्गा पूजा में सदस्य संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेवारी


रांची, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता और व्यवस्था में सहयोग के उद्देश्य से शुक्रवार को युवा दस्ता के मुख्य मंच का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार, एएसपी निखिल राय और मुख्य संरक्षक कुणाल आजमानी ने संयुक्त रूप से दस्ता के मुख्य मंच का उद्घाटन किया।

समारोह की अध्यक्षता युवा दस्ता के अध्यक्ष राजेश गुप्ता छोटू एवं मदन साहू ने की। उन्होंने कहा कि दस्ता के सदस्य पूजा के दौरान खास तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और पंडाल घूमने आनेवाले श्रद्धालुओं के जरूरत के हिसाब से उनकी सहायता करेंगे। उद्घाटन समारोह में अतिथियों का चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार ने युवा दस्ता के सदस्यों को प्रशासन के हस्ताक्षरयुक्त परिचय पत्र सौंपे और उन्हें विभिन्न पूजा पंडालों में तैनाती के लिए रवाना किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही, किसी भी परेशानी की स्थिति में प्रशासन की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।

मौके युवा दस्ता के संस्थापक राजीव रंजन मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे बच्चों और बुजुर्गों की जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर की पर्ची रखें, ताकि भीड़ में बिछड़ने पर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने में मदद मिल सके।

इस अवसर पर युवा दस्ता के संस्थापक राजीव रंजन मिश्रा, संरक्षक राहुल सिन्हा चंकी, महेश चंद्र, सागर कुमार, सुजीत दुबे, बृजेश सिंह, मिंटू सिंह और गोपाल पारीक सहित कई सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762234 Articles

Share this story