युवा आजसू की दस्तक - हर घर तक नामक सदस्यता अभियान पांच से

WhatsApp Channel Join Now
युवा आजसू की दस्तक - हर घर तक नामक सदस्यता अभियान पांच से


रांची, 03 जनवरी (हि.स.)। आजसू पार्टी की युवा इकाई की दस्तक - हर घर तक नामक सदस्यता अभियान का शुभारंभ सोमवार से रांची विश्वविद्यालय के गेट के पास से किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और केंद्रीय महासचिव संजय मेहता होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा आजसू महानगर के अध्यक्ष अमित यादव करेंगे।

यह जानकारी युवा आजसू के नेता चेतन प्रकाश, अमित यादव, अमित साहू ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि सदस्यता अभियान का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।

मौके पर बताया गया कि युवा आजसू महानगर के अध्यक्ष अमित यादव के नेतृत्व में यह अभियान 90 दिनों तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत रांची महानगर के सभी 53 वार्डों को कवर किया जाएगा, जिसमें 1 लाख नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

अमित यादव ने कहा कि आजसू हमेशा सामाजिक न्याय और विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। यह सदस्यता अभियान न केवल संगठन को मजबूत करेगा, बल्कि रांची की जनता की समस्याओं को सीधे पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता हर वार्ड में जाकर लोगों से बात करेंगे और उन्हें आजसू की नीतियों से जोड़ेंगे।

अभियान के दौरान वार्ड स्तर पर मिलन समारोह, जनसंपर्क और सदस्यता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

मौके पर पार्टी के अमित साहू, किशोर मंडल, सनी चंद्रवंशी और मोहित ठाकुर सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story