मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहें युवा : डॉ प्रभात

WhatsApp Channel Join Now
मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहें युवा : डॉ प्रभात


रांची, 10 जून (हि.स.)। मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय, रांची के तत्वावधान में संध्या फेरी सह जागरूकता अभियान के तहत कार्यशाला और माइकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहना चाहिए। मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं को भी जन्म देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। डॉ कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में नशे के स्वरूप और प्रकारों में व्यापक बदलाव आया है, जिससे जागरूकता की आवश्यकता और बढ़ गई है।

कार्यशाला में एनटीसीपी कंसल्टेंट सुशांत कुमार ने तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी दी। वहीं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) प्रवीण कुमार सिंह ने नशा मुक्ति अभियान के उद्देश्यों, जनसहभागिता और जागरूकता कार्यक्रमों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, एएनएमटीसी की छात्राएं सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story