पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
दुमका, 15 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने मसलिया थाना क्षेत्र के जामजोरी गांव से रविवार को एक पेड़ से युवक का फंदे से लटका शव बरामद किया है। स्थानीय लाेगाें की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान पुतुलजोर गांव निवासी विनोद मरांडी ( 35 ) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विनोद दो दिन पहले अपने ससुराल जामजोरी गांव स्थित गणेश हेम्ब्रम के घर आया था। उसकी शादी गणेश हेम्ब्रम की दो बेटियों निर्मला हेम्ब्रम और नोनी हेम्ब्रम से हुई थी, जो सगी बहनें हैं। परिजनों के अनुसार विनोद के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। जबकि उसका सगा भाई मुकुल मरांडी बेंगलुरु में काम करता है। रिश्ते के चचेरे भाई देवीलाल मरांडी ने बताया कि विनोद की दोनों पत्नियों के बीच अक्सर आपसी झगड़ा होता था। इसी विवाद को लेकर पहले भी परिवार में बैठक कर समझौता कराने की कोशिश की गई थी, ताकि परिवार में शांति बनी रहे।
चार दिन पहले विनोद का पहली पत्नी निर्मला हेम्ब्रम के साथ भी झगड़ा हुआ था। देवीलाल ने बताया कि विनोद को उसकी दूसरी पत्नी नोनी हेम्ब्रम और सास लुखी सोरेन लगातार फोन कर ससुराल आने के लिए बुला रही थीं। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह जब विनोद के मोबाइल पर फोन किया गया तो पहली पत्नी निर्मला हेम्ब्रम ने फोन उठाकर कहा कि विनोद घर चला गया है। कुछ देर बाद मसलिया थाना की पुलिस ने फोन कर विनोद के फांसी लगाने की सूचना दी और परिजनों को बुलाया।
बताया जाता है कि विनोद के दो बच्चे हैं। पहली पत्नी निर्मला से 8 वर्ष का एक पुत्र और दूसरी पत्नी नोनी से 5 वर्ष की एक पुत्री है। देवीलाल मरांडी ने बताया कि बेंगलुरु से विनोद के सगे भाई मुकुल मरांडी के आने के बाद ससुराल पक्ष के खिलाफ थाना में मामला दर्ज कराया जाएगा।
फिलहाल परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रहे हैं। इस संबंध में मसलिया थाना के एएसआई उमेश सिंकू ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

