युवा और प्रोफेशनल्स अपनी विशेषज्ञता से झारखंड को दे सकते हैं नई दिशा : के राजू

WhatsApp Channel Join Now
युवा और प्रोफेशनल्स अपनी विशेषज्ञता से झारखंड को दे सकते हैं नई दिशा : के राजू


रांची, 17 अगस्त (हि.स.)। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से बीएनआर चाणक्य होटल, रांची में थिंक झारखंड थिंक फ़यूचर के अंतर्गत प्रोफेशनल कॉन्क्लेव का आयोजन सोमवार को किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह प्रोफेशनल्स कांग्रेस प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की। संचालन प्रदेश मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ सहदेव ने किया।

कार्यक्रम में झारखंड के सामाजिक-आर्थिक विकास, रोजगार, उद्योग, शिक्षा, प्रोफेशनल्स की भूमिका सहित राज्य के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू, प्रदेश के सह प्रभारी डॉ सिरीवेल्ला प्रसाद और भूपेंद्र मरावी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, नेता विधायक दल प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, कुनिका सदानन्द (अभिनेत्री), झारखंड चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, मिस यूनिवर्स सिमरन और सीए अनिश जैन (चेयरमैन, रांची ब्रांच, सीआईआरसी ऑफ आईसीएआई), महानगर अध्यक्ष कुमार राजा सहित अन्य उपस्थित थे।

कार्यक्रम में अतिथियों ने प्रोफेशनल्स कांग्रेस की ओर से तैयार किए गए न्यूज़ लेटर का लोकार्पण किया गया।

वहीं इस अवसर मुख्य अतिथि के राजू,

ने कहा कि झारखंड की विकास यात्रा में प्रोफेशनल्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य के युवा, विशेषज्ञ और प्रोफेशनल्स अपनी विशेषज्ञता और नए विचारों के माध्यम से झारखंड को नई दिशा दे सकते हैं। कांग्रेस पार्टी चाहती है कि प्रोफेशनल्स की आवाज नीति निर्माण तक पहुंचे और झारखंड के विकास का एक मजबूत रोडमैप तैयार हो।

कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो पेशेवरों को देती है महत्व

राजू ने कहा कि आजादी की लड़ाई से लेकर अब तक कांग्रेस पार्टी में वकील, पत्रकार, लेखक, बुद्धिजीवी और समाजशास्त्री जैसे पेशेवरों का बड़ा योगदान रहा है। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो पेशेवरों को महत्व देती है।

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए सभी वर्गों और विशेषकर प्रोफेशनल समुदाय की भागीदारी जरूरी है।

अभिनेत्री कुनिका सदानन्द ने कहा कि झारखंड का सबसे बड़ा खनिज जमीन के नीचे कोयला-लोहा नहीं है, बल्कि झारखंड के बच्चे, युवा और महिलाएं हैं। स्कूल में बैठे बच्चे, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र, कॉलेज जाने वाली लड़की और अवसर चाहने वाला आदिवासी बच्चा ही असली पूंजी है।

चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने

कहा कि झारखंड में उद्योग, व्यापार और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार, उद्योग जगत और प्रोफेशनल्स के बीच बेहतर समन्वय से राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। व्यापारिक वातावरण को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

सीए अनिश जैन ने कहा कि वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और प्रोफेशनल विशेषज्ञता किसी भी राज्य के सतत विकास की आधारशिला है। झारखंड के विकास में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सहित सभी प्रोफेशनल्स अपनी विशेषज्ञ भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।

वहीं आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल

ने कहा कि झारखंड के पास भरपूर संसाधन हैं, लेकिन अवसरों की कमी है। इसे दूर करने के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स को एक साथ आना होगा।

उन्होंने झारखंड की खनिज आधारित अर्थव्यवस्था को मूल्य-वर्धन आधारित अर्थव्यवस्था में बदलने पर बल दिया, ताकि राज्य में नए रोजगार सृजित हों। उन्होंने कहा कि थिंक झारखंड, थिंक फ़यूचर का उद्देश्य झारखंड के भविष्य को लेकर प्रोफेशनल्स, उद्योग जगत, युवाओं और राजनीतिक नेतृत्व को एक मंच पर लाना था। आज मिले सुझावों और विचारों को आगे नीति एवं विकास के विमर्श का हिस्सा बनाया जाएगा।

कार्यक्रम को लेफ्टिनेंट जनरल कर्नल अनीश रंजन प्रसाद, पूर्व कार्यपालक अभियंता नशिम अली, चारू लता विश्वास, विधायक राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, मनोरंजन जायसवाल सहित अन्य ने संबोधित किया।

वहीं कार्यक्रम में कांग्रेस नेत्री यशस्विनी सहाय, उज्जवल प्रकाश तिवारी, हिमांशु, विकास आनंद, सरवर पाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story